शुक्रवार, दिसंबर 30, 2011

नये साल की शुभकामनाएँ!

नये साल की शुभकामनाओं के साथ प्रस्तुत है सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की यह कविता -

शुभकामनाएँ / सर्वेश्वरदयाल सक्सेना

नये साल की शुभकामनाएँ!
खेतों की भेड़ों पर धूल-भरे पाँव को,
कुहरे में लिपटे उस छोटे-से गाँव को,
नए साल की शुभकामनाएँ!

जाते के गीतों को, बैलों की चाल को,
करघे को, कोल्हू को, मछुओं के जाल को,
नए साल की शुभकामनाएँ!

इस पकती रोटी को, बच्चों के शोर को,
चौंके की गुनगुन को, चूल्हे की भोर को,
नए साल की शुभकामनाएँ!

वीराने जंगल को, तारों को, रात को,
ठण्डी दो बन्दूकों में घर की बात को,
नए साल की शुभकामनाएँ!

इस चलती आँधी में हर बिखरे बाल को,
सिगरेट की लाशों पर फूलों-से ख्याल को,
नए साल की शुभकामनाएँ!

कोट के गुलाब और जूड़े के फूल को,
हर नन्ही याद को, हर छोटी भूल को,
नये साल की शुभकामनाएँ!

उनको जिनने चुन-चुनकर ग्रीटिंग कार्ड लिखे,
उनको जो अपने गमले में चुपचाप दिखे,
नये साल की शुभकामनाएँ!

सोमवार, दिसंबर 26, 2011

जीवन



चलती है हवा
हिलते हैं पेड़
गिरते हैं सूखे पत्ते

बहती है हवा
झूमते हैं पेड़
कि झरते हैं पीले पत्ते।

रविवार, दिसंबर 18, 2011

अदम गोंडवी नहीं रहे

अदम गोंडवी

22 अक्तूबर 1947 - 18 दिसंबर 2011

अदम गोंडवी का निधन स्तब्ध कर गया। उनकी आवाज साम्प्रदायिकता और राजनीतिक छद्म को उजागर करती आवाज थी। उनकी गजलें क्रान्ति की पुकार करती ग़ज़लें थीं। हिन्दी ग़ज़ल को वर्तमान स्वरूप देने में उनका अप्रतिम योगदान रहा। अदम गोंडवी जी को विनम्र श्रद्धांजलि के साथ प्रस्तुत हैं उनकी तीन ग़ज़लें -

1

भूख के एहसास को शेरो-सुख़न तक ले चलो
या अदब को मुफ़लिसों की अंजुमन तक ले चलो

जो ग़ज़ल माशूक के जल्वों से वाक़िफ़ हो गयी
उसको अब बेवा के माथे की शिकन तक ले चलो

मुझको नज़्मो-ज़ब्त की तालीम देना बाद में
पहले अपनी रहबरी को आचरन तक ले चलो

गंगाजल अब बूर्जुआ तहज़ीब की पहचान है
तिशनगी को वोदका के आचमन तक ले चलो

ख़ुद को ज़ख्मी कर रहे हैं ग़ैर के धिखे में लोग
इस शहर को रोशनी के बाँकपन तक ले चलो.

2

काजू भुने पलेट में, विस्की गिलास में
उतरा है रामराज विधायक निवास में

पक्के समाजवादी हैं, तस्कर हों या डकैत
इतना असर है ख़ादी के उजले लिबास में

आजादी का वो जश्न मनायें तो किस तरह
जो आ गए फुटपाथ पर घर की तलाश में

पैसे से आप चाहें तो सरकार गिरा दें
संसद बदल गयी है यहाँ की नख़ास में

जनता के पास एक ही चारा है बगावत
यह बात कह रहा हूँ मैं होशो-हवास में

3

हिन्दू या मुस्लिम के अहसासात को मत छेड़िये
अपनी कुरसी के लिए जज्बात को मत छेड़िये

हममें कोई हूण, कोई शक, कोई मंगोल है
दफ़्न है जो बात, अब उस बात को मत छेड़िये

ग़र ग़लतियाँ बाबर की थीं; जुम्मन का घर फिर क्यों जले
ऐसे नाजुक वक्त में हालात को मत छेड़िये

हैं कहाँ हिटलर, हलाकू, जार या चंगेज़ ख़ाँ
मिट गये सब, क़ौम की औक़ात को मत छेड़िये

छेड़िये इक जंग, मिल-जुल कर गरीबी के ख़िलाफ़
दोस्त, मेरे मजहबी नग्मात को मत छेड़िये

गुरुवार, दिसंबर 15, 2011

एक हाशिया जो मुख्यभूमि है - मंगलेश डबराल (कवि का गद्य)

......कितना अच्छा होता कि मैं सचमुच एक कवि की तरह कोई कविता लिख सकता। कुछ शब्द इस तरह लिखे जैसे कोई नौकर लिखता है या कभी सड़क पार करते हुए बची हुई जान की तरह लिखा जिसे हर वक्त अपने सर पर एक गठरी का अहसास रहता है और बार-बार पलटकर अपना घर देखना चाहता है। कभी इस तरह लिखा जैसे अपने शरीर से विच्छिन्न कोई अकेला हाथ लिखता है या जैसे कोई पत्ता पेड़ से गिरने से पहले अपना रंग छोड़ता है। गनीमत यह है कि यह सब मैंने मनुष्य के रूप में ही लिखा और मनुष्य होने में न कोई आत्मदया है और न आत्महीनता। मैं यह भी जान सका कि कविता सिर्फ एक हाशिये की कार्रवाई रह गयी है, उसकी बहुत जरूरत नहीं महसूस की जाती और शायद कभी नहीं की जाती थी और कवि लोग इस व्यवस्था के नियंता नहीं नहीं हैं। हालांकि उन्हें उसका शिकार होने से भी हमेशा इनकार करना चाहिए और यह हाशिया ही हमारी मुख्यभूमि हमारा मोर्चा है क्योंकि यह हाशिया एक निरीह, लाचार, कलपती, रिरियाती जगह नहीं है। मेरे पूर्वज, संस्कृत के अनेक महाकवि और फिर रीतिकालीन लोग जो राज्याश्रयों में रहे, कविता के बदले स्वर्णमुद्राएँ पाते थे और उनका काफी समय सम्राटों की उदारता और वीरता के गुणगान में बीता। लेकिन तब भी उनकी रचनाओं में कहीं वह अंतद्र्वंद्व दर्ज है जो सत्ता प्रतिष्ठान और सच्चे रचनाकार के बीच हमेशा रहता है। सत्तातंत्र और रचना के उद्देश्य ही एक-दूसरे के विपरीत हैं.......
(आधार प्रकाशन, पंचकूला से प्रकाशित मंगलेश डबराल की पुस्तक ‘लेखक की रोटी’ से सादर, चित्र यहाँ से साभार)

मंगलवार, नवंबर 29, 2011

लड़की मत देखो आसमान : कांता सुधाकर

थोड़े समय पहले मेरी कान्ता भाभी से मुलाकात हुई--लगभग 30 -32 सालों बाद. मेरे शुरूआती साहित्यिक संस्कार जिन लोगों की देख रेख में बने और विकसित हुए हैं,कान्ता भाभी मेरे जीवन के उन विशिष्ट लोगों में एक हैं.अपने छात्र जीवन में एक नाटक में उनकी तलत महमूद सरीखी कांपती हुई मोहक आवाज सुन के मैं उन तक खिंचा चला गया था.इस बार की मुलाकात में उन्होंने अपनी किताब पढने को दी तो मैं रोमांचित हो गया....मुझे वो जमाना आ गया जब रसोई में काम करते हुए कभी किसी कागज पर तो कभी किसी कागजी थैले पर वो मन की बातें लिख दिया करती थी...
इस संग्रह से कुछ कवितायेँ मैं आपके पाठकों तक पहुंचाने का लोभ संवरण नहीं कर पा रहा हूँ....उम्मीद है ये कवितायेँ आपको भी वैसे ही पसंद आयेंगी जैसे मुझे आयीं... पाठक उनसे संपर्क करना चाहें,मैं उनके लिए फोन नंबर दे रहा हूँ...9470101657
-यादवेन्द्र

सीख
लड़की
मत देखो आसमान
सितारे उतर आएँगे
आँखों में

लड़की
मत निहारो फूलों को
टँक जाएँगे बालों में।

पर्वतों के पार जो
उगा बड़ा-सा सूरज अभी-अभी
तुम्हारी हँसी देखने को
रुक जाएगा
ठहर जाएगा अब
इसी घाटी में।

लड़की
रुक जाओ
थम जाओ
किसी नदी का रुख
मुड़ न जाए कहीं
तुम्हारे गीतों से।

इसीलिए
रुक जाओ
थम जाओ
किसी नदी का रुख
मुड़ न जाए कहीं
तुम्हारे गीतों से।

इसीलिए
वापस हो जाओ
सुरक्षित रहो हमारी
निषेधों की दुनिया में।

क्योंकि
अच्छा हुआ
कि मैं सीता नहीं
तुम राम नहीं
केवल मनुष्य हैं हम।

अग्नि-परीक्षा
लेते नहीं
देते नहीं
क्योंकि हमें
एक-दूसरे से प्यार है बहुत,

क्योंकि हमें
एक-दूसरे से प्यार है बहुत।

क्योंकि हमें
इतिहास बनने के लिए
नहीं करनी है कोई लीला।

अच्छा है
अच्छा है
बहुत अच्छा है,
कि बादल
कभी बिकता नहीं
किसी बाजार में।

अच्छा है
बहुत अच्छा है
कि हवा
कभी रुकती नहीं
किसी के लाॅन में।

अच्छा है,
बहुत अच्छा है,
कि झरना
कभी गिरता नहीं
किसी के फार्म मंे।

अच्छा है,
बहुत अच्छा है,
कि धूप
कभी टिकती नहीं
किसी परदेशी के प्लान में
अच्छा है,
बहुत अच्छा है,
कि
बादल,
हवा,
धूप,
झरना
कभी जाते नहीं
किसी के पर्सनल एकाउंट में,
नहीं तो
पता नहीं
कहाँ जाते
दुनिया के
बिन खाते के बाकी जीव।

शनिवार, नवंबर 26, 2011

पगडंडियाँ बनाता प्रेम : चार कविताएँ

प्रेम
एक शरारती
जंगली खरगोश
अपनी झलक-भर दिखाकर
छिप जाता
खो जाता - अन्तर्बाह्य के विस्तारों में
एक चाह कि छू लें उसे।

बना लेना चाहते हैं
उसकी नर्म खाल के गर्म दस्ताने।
बरसों
वह थकाता
पर अन्ततः दबोच लिया जाता
सहलाया जाता - दोहराए जाते स्पर्श
बिना जाने, बिना देखे
उसका काला पड़ता हुआ रंग।


पगडंडियाँ बनाता प्रेम
पगडंडियाँ बनाता है प्रेम
पगडंडियाँ
जो पहुँचती हैं
नदी तक
नदी
जिसमें पगडंडियाँ नहीं होतीं।


बहुत दिनों बाद
पत्थरों का सीना चीरकर
अँकुरा आया है चीड़
तुम्हारी याद आयी।


तुम्हारी रोशनी में
आकाश का कुछ खो गया है
जिसे वह ढूँढ़ रहा है सदियों से
सूरज की रोशनी में

मैं तुम्हारी रोशनी में
ढूँढ़ता हूँ
अपना चेहरा।

रविवार, अक्टूबर 09, 2011

कुछ जापानी गद्य कविताएँ : अयाने कवाता ( प्रस्तुति : यादवेन्द्र)



एक नवजात के साथ

एक आदमी मेरा पीछा कर रहा है...उस से बचने के लिए मैं एक नवजात बच्चे से दोस्ती गांठ लेता हूँ.मेरा मकसद सिर्फ इतना है कि उस आदमी को लगे कि मैं इस नवजात बच्चे को प्यार कर रहा हूँ सो वो मेरा पीछा करना छोड़ कर कहीं कुछ और देखे.ताज्जुब, नवजात बच्चा सारे हालातों को बड़ी अच्छी तरह समझ रहा है.


बाँसुरी

मैंने हाथ में एक बाँसुरी पकड़ रखी है और बार बार इसको बजाने की कोशिश कर रहा हूँ...कोई आवाज नहीं निकल रही.अचानक मैं अपनी साँस अंदर खींचता हूँ तो मुझे लगता है जैसे चाँदी के वर्क का कोई टुकड़ा शायद मुँह के अंदर चला गया.मैं चक्कर में पड़ जाता हूँ: बाँसुरी के अंदर ऐसा क्या भरा हुआ है कि देखते देखते बाँस की बनी हुई पतली सी बाँसुरी सीप कि तरह से बीचों बीच आधी फट जाती है...और मुझे अंदर भरे हुए धातु के कबाड़ और घास फूस के बीज दिखाई देने लगते हैं.अब समझ में आता है कि बांसुरी इस लिए बजती है क्योंकि उसके अंदर इतना कुछ भरा रहता है...मैं अंदर से निकला एक एक तिनका वापस बाँसुरी के अंदर भर देता हूँ और एकबार फिर उसको बजाने की कोशिश करता हूँ...पर आवाज है कि बाँसुरी से निकलने का नाम नहीं लेती.


भागना

कोई मेरा पीछा कर रहा है इसी लिए मैं सरपट भाग रहा हूँ...पर समस्या यह नहीं है कि कोई मेरा पीछा कर रहा है , बल्कि मेरे भागने का ख़ास ढंग सारी फजीहत की जड़ है.


घोड़ा

वजह तो सही सही ध्यान नहीं पर मैंने एकबार एक घोड़ा ख़रीदा.तब मुझे यह भी मालूम नहीं था कि उस से काम कैसे लेना है.मुझे लगा कि यदि उसकी गर्दन में रस्सी डाली जाये तो घोड़े को तकलीफ होगी.मैंने एक बार मुँह में लगाम लगे एक घोड़े को देखा था,पर यही नहीं मालूम हो पाया कि मुँह पर लगाम होने पर घोड़ा खाता कैसे होगा...मुझे अब भी शक है कि भूख लगने पर इस हालात में घोड़ा घास खाता भी होगा.या यह भी मेरी जिज्ञासा थी कि घोड़े को किसी पेड़ के नीचे बांध दूँ तो बरसात होने पर वह भीग तो नहीं हो जायेगा...इस परिस्थिति में घोड़े पर क्या बीतेगी,और मेरा ऐसा करना ठीक होगा या नहीं.मुझे आस पास किसी अस्तबल का भी पता नहीं था.एक दिन अचानक क्या देखता हूँ कि घर से घोड़ा गायब हो गया...अब वह मेरी छोटी बहन बन कर उपस्थित हुआ.
वह रातों में नंगी घास पर लेटी रहती है और इसी में बीच बीच में नींद लेने की कोशिश करती है. मुझे हर बार अंदेशा होता है कि उसको ठण्ड न लग जाये पर वह मेरी ओर पलट कर जवाब देती है: मैं बिलकुल ठीक हूँ दीदी.
----------------------------
अयाने कवाता 1940 में जनमी जापानी कविता की आधुनिक धारा की महत्वपूर्ण कवि हैं.इन दिनों इटली में रहती हैं.जापानी भाषा के उनके दस काव्य संकलन प्रकाशित है.
प्रस्तुति : यादवेन्द्र