मेरी कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मेरी कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, दिसंबर 31, 2012

इस बार शुभकामना नहीं, शोकगीत !


शोकगीत

एक शोकगीत
उन मछलियों के लिए
जो पानी में रहते हुए भी मर गयीं।

एक शोकगीत
शव के पीछे-पीछे चल रहे दर्जनों लोगों
और सैकड़ों छूट गये शवों के लिए।

एक शोकगीत
उन शब्दों के लिए भी
जो समय की शिला से टकराए बिना
चूर-चूर हो गये।

एक शोकगीत
कहने के बाद शेष रहने की विवशता पर।

सोमवार, जनवरी 02, 2012

कोई भी अन्त अन्तिम नहीं


वर्ष - 2012 क्या शुरू हुआ, कुछ अजीब-अजीब सी बातें सुनने को मिलीं .. माया कैलेंडर वगैरह-वगैरह ... मुझे तो लगता है कि ‘दुनिया रोज बनती है’ और ‘रोज नष्ट होती है’। लेकिन ... जीवन बचा रहता है। इसीलिए आज अपनी एक पुरानी कविता को पोस्ट पर लगा रहा हूँ।

कोई भी अन्त अन्तिम नहीं
प्रलय के बाद भी
बचे रहेंगे कुछ लोग
असीम लहरों को
अपने हाथों से काटते हुए
कि कोई भी अन्त अन्तिम नहीं

एक सूर्य बुझने से पहले
टाँक दिया जाएगा
नया सूर्य क्षितिज पर
सिर्फ एक इतराते सूर्य पर
नहीं टिकी दुनिया

खेतों से फिर उठेगी हरी गंध
बिखेरेंगी रंग तितलियाँ
अमराइयों में गाएगी कोयल अमरत्व

फिर
फिर-फिर
गौरवपूर्ण थकान
और
चिंथी हुईं उँगलियों के बीच से
फूटेंगे कई सूर्य।

सोमवार, दिसंबर 26, 2011

जीवन



चलती है हवा
हिलते हैं पेड़
गिरते हैं सूखे पत्ते

बहती है हवा
झूमते हैं पेड़
कि झरते हैं पीले पत्ते।

शनिवार, नवंबर 26, 2011

पगडंडियाँ बनाता प्रेम : चार कविताएँ

प्रेम
एक शरारती
जंगली खरगोश
अपनी झलक-भर दिखाकर
छिप जाता
खो जाता - अन्तर्बाह्य के विस्तारों में
एक चाह कि छू लें उसे।

बना लेना चाहते हैं
उसकी नर्म खाल के गर्म दस्ताने।
बरसों
वह थकाता
पर अन्ततः दबोच लिया जाता
सहलाया जाता - दोहराए जाते स्पर्श
बिना जाने, बिना देखे
उसका काला पड़ता हुआ रंग।


पगडंडियाँ बनाता प्रेम
पगडंडियाँ बनाता है प्रेम
पगडंडियाँ
जो पहुँचती हैं
नदी तक
नदी
जिसमें पगडंडियाँ नहीं होतीं।


बहुत दिनों बाद
पत्थरों का सीना चीरकर
अँकुरा आया है चीड़
तुम्हारी याद आयी।


तुम्हारी रोशनी में
आकाश का कुछ खो गया है
जिसे वह ढूँढ़ रहा है सदियों से
सूरज की रोशनी में

मैं तुम्हारी रोशनी में
ढूँढ़ता हूँ
अपना चेहरा।

बुधवार, मार्च 16, 2011

हम उत्सव के रंग हैं

स्कूल का आखिरी दिन...वह भी परीक्षा का। मेरे बेटे सहज की पूरी तैयारी थी ... स्कूल की पाबंदी के बावजूद होली खेलने की ... जब स्कूल से लौटा तो उसे देखकर अपनी एक पुरानी कविता याद आ गयी - ‘उत्सव के रंग’ और पिछली होली पर खींचे गये कुछ चित्र ... होली की शुभकामनाओं सहित प्रस्तुत हैं -

उत्सव
के रंग

चाहता हूँ
होली खेलने से पहले
नहाकर, सारा मैल धोकर
स्वयं को चमका लूँ
कि हर रंग
बहुत गहरे उतरे
और मन में अंकित कर दे
जीवन का इन्द्रधनुषी पहलू।

चाहता हूँ
होली खेलते वक्त
पहनूँ सफेद कपड़े
कि जन्म हो कैनवास पर
उत्सव की अनूठी कलाकृति का।


चाहता हूँ
होली खेलने के बाद
सँभालकर रखूँ इस कृति को
कि जब भी उदास होऊँ
हर रंग याद दिलाए
कि हम
उत्सव के रंग हैं
तुम्हारे आँसू हमें धुँधला नहीं सकते।

सोमवार, फ़रवरी 07, 2011

सन्तोष

तुम एक बड़ी मछली हो
तुम सिर्फ एक बड़ी मछली हो
तुम्हें चिन्ता है
तुम सबसे बड़ी मछली नहीं हो।

मैं एक छोटी मछली हूँ
मैं सिर्फ एक छोटी मछली हूँ
मगर
मैं अकेली छोटी मछली नहीं हूँ।

शुक्रवार, नवंबर 12, 2010

हमारे बच्चे


हमारे बच्चे
हमारे बच्चे भी चलते हैं ठुमक-ठुमक
उनकी भी पैंजनियाँ मधुर बजती हैं
हमारे बच्चे भी चुराकर करते हैं तिलगुड़ी
हमारे बच्चे भी तोड़ते हैं खिलौने, सलेट, धनुष
मगर हमारे बच्चों की लीलाएँ देखकर
कवि उपमाएँ नहीं गढ़ते
देवता पुष्पवर्षा नहीं करते।


स्कूल जाता बच्चा
स्कूल जा रहा है बच्चा
कन्धे पर लदा है बस्ता
जिसमें भरी हैं
दर्जन भर किताबें
और पिता की आकांक्षाएँ
पिता-
जो किसान की तरह
पकती फसल देखकर
सुखी-चिन्तित हैं।

स्कूल जा रहा है बच्चा
अपने गुजरे बचपन की स्मृतियों में
सख्त मनाही है बच्चे को
बचपना दिखाने की।

मगर कहीं भी
कभी भी वह
निकालेगा कापी या किताब कोई
फाड़ेगा पन्ना
बनाएगा जहाज
और उड़ा देगा
आकाश को लक्ष्य कर।

रविवार, अक्टूबर 17, 2010

खण्डहर



जिस ओर से और जिस छोर से तुम देख रहे हो वह छाया है किसी खंडहर की जो तुम्हें किसी मुकुट धारे/सँभाले धीरोदात्त की लग रही है। रोशनी का कोण बदला तो हो सकता है कि उसका एक हाथ तलवार की मूठ थामे और दूसरा मूँछ ऐंठता दिखाई दे जाए। छायाओं में इतने विवरण की गुंजाइश नहीं रहती, तभी तो कल्पना की संभावना बनी रहती है और कल्पना की क्या कहें, कई बार तो कल्पनाएँ कभी मिथक और कभी-कभी तो इतिहास तक बन जाती हैं और फिर उस इतिहास के खंडहर भी कहीं न कहीं ढूँढ़ लिए जाते हैं। खण्डहरों की छाया से कतई दिखायी नहीं देता गाँवों का जलना और हाथों का कटना। इतिहास के खंडहर इतिहास से उतने ही अलग हैं जितनी अलग हैं खंडहर से उसकी छायाएँ जो कल्पना की सम्भावनाओं से भरी हैं। अक्सर ऐसा होता है कि हम पुष्ट इतिहास उपलब्ध न होने से खंडहर से काम चला लेते हैं और यदि थोड़ी जल्दी है तो परछाई जिस कोण से हम देख रहे हों, हमारे लिए पर्याप्त रहती है। हालाँकि रोशनी का कोण बदलते ही बड़ी-बड़ी इमारतों की छायाएँ भी बौनी लगने लगती हैं।

गुरुवार, सितंबर 23, 2010

समय के साथ गुमा गयीं बहुत-सी चीजें...

(आज अपनी एक पुरानी कविता को बांटने का मन है, जो मेरे कुछ दोस्तों को भी बेहद पसंद है...)

समय के साथ
गुमा गयीं बहुत-सी चीजें...

समय के साथ
गुमा गया वह जंगल
जिससे आसमान दिखायी नहीं देता था
गुमा गया
बुरे दिनों का उजाला
जिसकी जगह ले ली
उजले दिनों के अँधेरों ने

गुमा गया बेरी का वह बाग
वह कुआँ
जिसमें सारी पोथियाँ फेंक दी थीं
अनुभव के शास्त्र तले दबी
उस बच्चे की सिसकियाँ
गूँजती हैं
दिमाग के खोखलेपन में

समय के साथ
गुमा गयीं छोटी-छोटी चिन्ताएँ
उनकी जगह ले ली बड़ी-बड़ी चिन्ताओं ने
जो लगातार खाती हैं
और लुभाती हैं

समय के साथ
गुमा गयीं
माँ-बाप की हिदायतें
बुजुर्गों की नसीहतें
और
अपने एकान्त में बड़बड़ाती घर की देहरी

समय के साथ
गुमा गया
मेरा चेहरा, जिसे मैं पहचानता था
उसकी जगह है ऐसा चेहरा
जिसे दुनिया पहचानती है

समय के साथ गुमा गया वह सुख
जो उदासी से जन्मा था
अब चारों ओर से घिरा हूँ
सुख से उपजी उदासी से

समय के साथ
गुमा गयीं बहुत-सी चीजें
यात्रा में पीछे छूटे
सहयात्रियों की विदाई की मुसकान की तरह।

मंगलवार, जून 29, 2010

परमेन्द्र सिंह की कविता : जूता और पाँव



एक-
पाँव कब सफर करते हैं
सफर तो जूते करते हैं

कँटीले-पथरीले रास्तों पर
सबसे पहले
लहूलुहान होते हैं जूते ही।

करते हैं लगातार रक्षा
पाँवों की
योद्धा की ढाल की तरह।

जूते आते हैं
जूते जाते हैं
पर पाँव !
पाँव अमर हो जाते हैं।

दो-
जब भी गुस्से में
पटके जाते हैं पाँव
आहत होते हैं
जूते ही।

तीन-
अगर
सही नाप का न हो
जूता
तो बेडौल हो जाता है।

एक सक्षम जूता
रोकता है
पैर के अनुचित फैलाव को।

चार-
कदमताल मिलाते
चल पड़े हैं
शहर-भर के जूते
पाँव समेत
एक हाथी के पाँव का
जूता बनने।

पांच-
सपनो में
अक्सर डर जाते हैं अकेले पाँव
क्योंकि
जूता उस वक्त साथ नहीं होता।