हर मुलाकात के बाद
जो चीज हममें
कामन थी
वो था हमारा भोलापन
और बढता गया वह
हर मुलाकात के बाद
पर दुनिया हमेशा की तरह
केवल सख्तजां लोगों के लिए
सहज थी
सो हमारा सांस लेना भी
कठिन होता गया
और अब हम हैं
मिलते हैं तो गले लग रोते हैं
अपना आपा खोते हैं
फिर मुस्कुराते हंसते
और विदा होते हैं।
प्यार में पसरता बाज़ार
सारे आत्मीय संबोधन
कर चुके हम
पर जाने क्यों चाहते हैं
कि वह मेरा नाम
संगमरमर पर खुदवाकर
भेंट कर दे
सबसे सफ्फाक और हौला स्पर्श
दे चुके हम
फिर भी चाहते हैं
कि उसके गले से झूलते
तस्वीर हो जाए एक
जिंदगी के
सबसे भारहीन पल
हम गुजार चुके
साथ-साथ
अब क्या चाहते हैं
कि पत्थर बन
लटक जाएं गले से
और साथ ले डूबें
यह प्यार में
कैसे पसर आता है बाजार
जो मौत के बाद के दिन भी
तय कर जाना चाहता है ...
प्यार एक अफवाह है
प्यार
एक अफ़वाह है
जिसे
दो जिद्दी सरल हृदय
उड़ाते हैं
और उसकी डोर काटने को उतावला
पूरा जहान
उसके पीछे भागता जाता है
पर
उसकी डोर
दिखे
तो कटे
तो
कट कट जाता है
सारा जहान
उसकी अदृश्य डोर से
यह सब देख
तालियाँ बजाते
नाचते हैं प्रेमी
और गुस्साया जहान
अपने तमाम सख्त इरादे
उन पर बरसा डालता है
पर अंत तक
लहूलुहान वे
हँसते जाते हैं
हँसते जाते हैं
अफ़वाह
ऊँची
और ऊँची
उड़ती जाती है।