उर्दू कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उर्दू कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, फ़रवरी 17, 2011

हम देखेंगे : फ़ैज़ अहमद फ़ैज़



हम देखेंगे

हम देखेंगे
लाज़िम है कि हम भी देखेंगे
वो दिन कि जिसका वादा है
जो नौह-ए-अजल में लिखा है
जब ज़ुल्म-ओ-सितम के कोह-ए-गरां
रुई की तरह उड़ जाएँगे
हम महक़ूमों के पाँव तले
ये धरती धड़-धड़ धड़केगी
और अहल-ए-हक़म के सर ऊपर
जब बिजली कड़-कड़ कड़केगी
जब अर्ज-ए-ख़ुदा के काबे से
सब बुत उठवाए जाएँगे
हम अहल-ए-सफ़ा, मरदूद-ए-हरम
मसनद पे बिठाए जाएँगे
सब ताज उछाले जाएँगे
सब तख़्त गिराए जाएँगे
बस नाम रहेगा अल्लाह का
जो वायब भी है हाज़िर भी
जो नाज़िर भी है मंज़र भी
उट्ठेगा अनल-हक का नारा
जो मैं भी हूँ और तुम भी हो
और राज़ करेगी खल्के-खुदा
जो मैं भी हूँ और तुम भी हो

नौह-ए-अजल = काल के भाल पर। कोह-ए-गराँ = भारी पर्वत। महकूम = दीन-हीन। अहल-ए-हकम = शासकों। अनल-हक = मैं ही सत्य हूँ। मरदूद-ए-हरम = पवित्र स्थानों से वंचित। खल्के-खुदा = ईश्वर निर्मित संसार।


मुझ से पहली सी मोहब्बत
मुझ से पहली सी मोहब्बत मेरे महबूब न मांग
मैने समझा था कि तू है तो दरख़्शां है हयात
तेरा ग़म है तो ग़मे-दहर का झगड़ा क्या है
तेरी सूरत से है आलम में बहारों को सबात
तेरी आँखों के सिवा दुनिया मे रक्खा क्या है
तू जो मिल जाये तो तक़दीर निगूँ हो जाये
यूँ न था, मैने फ़क़त चाहा था यूँ हो जाये

और भी दुख हैं ज़माने में मोहब्बत के सिवा
राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा

अनगिनत सदियों से तरीक़ बहीमाना तिलिस्म
रेशमो-अतलसो-किमख़्वाब में बुनवाये हुए
जा-ब-जा बिकते हुए कूचा-ए-बाज़ार में जिस्म
ख़ाक में लिथड़े हुए, ख़ून मे नहलाये हुए
जिस्म निकले हुए अमराज़ के तन्नूरों
पीप बहती हुई गलते हुए नासूरों से
लौट जाती है उधर को भी नज़र क्या कीजे
अब भी दिलकश है तेरा हुस्न मगर क्या कीजे

और भी दुख हैं ज़माने मे मोहब्बत के सिवा
राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा

मुझ से पहली सी मोहब्बत मेरे महबूब न मांग

दुरुख्शां = प्रकाशमान। हयात = जीवन। ग़मे-दहर का = सांसारिक चिंताओं का। आलम = संसार। सबात = स्थायित्व। निगूँ हो जाए = सिर झुका ले। वस्ल = मिलन। तारीक बहीमाना तिलिस्म = अन्धकारपूर्ण पाशविक जादू। रेशम-ओ-अतलस-ओ-कमख्वाब में बुनवाए हुए = एक प्रकार के कीमती वस्त्र। जा-ब-जा = यहाँ-वहाँ। अमराज़ के तन्नूरों = शारीरिक रोगों।

दोनों
जहान तेरी मोहब्बत में

दोनो जहाँ तेरी मोहब्बत में हार के
वो जा रहा है कोई शब-ए-ग़म गुज़ार के

वीराँ है मैकदा ख़ुम-ओ-साग़र उदास है
तुम क्या गये के रूठ गये दिन बहार के

इक फ़ुरसत-ए-गुनाह मिली, वो भी चार दिन
देखे हैं हम ने हौसले परवरदिगार के

दुनिया ने तेरी याद से बेगाना कर दिया
तुझ से भी दिल फ़रेब हैं ग़म रोज़गार के

भूले से मुस्कुरा तो दिये थे वो आज 'फ़ैज़'
मत पूछ वल-वले दिल-ए-ना-कर्दाकार के

ख़ुमो-सागर = शराब का प्याला और मटकी। दिलफरेब = हृदयाकर्षक। ग़म रोज़गार के = सांसारिक ग़म। दिले-नाकर्दाकार= अनुभवहीन दिल।


शेख़ साहब से

शेख़ साहब से रस्म-ओ-राह न की
शुक्र है ज़िन्दगी तबाह न की

तुझ को देखा तो सेर-ए-चश्म हुए
तुझ को चाहा तो और चाह न की

तेरे दस्त-ए-सितम का अज्ज़ नहीं
दिल ही काफ़िर था जिस ने आह न की

थे शब-ए-हिज्र काम और बहुत
हम ने फ़िक्र-ए-दिल-ए-तबाह न की

कौन क़ातिल बचा है शहर में 'फ़ैज़'
जिस से यारों ने रस्म-ओ-राह न की

सेर-चश्म हुए = आँखों की सारी भूख मिट गई। दस्ते-सितम = अत्याचारी हाथ। अज्ज़ = विवशता। शबे-हिज्र = वियोग की रात।


मंगलवार, अगस्त 03, 2010

शकेब जलाली की ग़ज़लें


शकेब जलाली उ.प्र. बदायूँ में पैदा हुए, लेकिन बाद में पार्टीशन का दर्द लिये वे पाकिस्तान चले गये। जीवन-भर न जाने कितने अंतर्संघर्षों से जूझते रहे कि आखिर 1964 के आसपास उन्होंने आत्महत्या कर ली। पेश हैं उनकी दो ग़ज़लें -

एक -
मुरझा के काली झील में गिरते हुए भी देख
सूरज हूँ मगर रंग मेरा दिन ढले भी देख

हर चन्द राख होके बिखरना है राह में
जलते हुए परों से उड़ा हूँ मुझे भी देख

आलम में जिसकी धूम थी उस शाहकार पर
दीमक ने जो लिखे कभी वो तबसिरे भी देख

तूने कहा न था कि मैं कश्ती पे बोझ हूँ
आँखों को अब न ढाँप मुझे डूबते भी देख

क्या शाख़े-बा-समर है जो तकता है फ़र्श को
नज़रें उठा ‘शकेब’ कभी सामने भी देख

(शाहकार = अत्युत्तम कृति। तबसरे = समीक्षाएं। शाखे-बा-समर = फलों से लदी शाखा।)


दो -
हमजिंस अगर मिले न कोई आसमान पर
बेहतर है ख़ाक डालिए ऐसी उड़ान पर

आकर गिरा था कोई परिन्दा लहू में तर
तस्वीर अपनी छोड़ गया है चट्टान पर

पूछो समन्दरों से कभी ख़ाक का पता
देखा हवा का नक्श कभी बादबान पर

यारो मैं इस नज़र की बलंदी को क्या करूँ
साया भी अपना देखता हूँ आसमान पर

कितने ही ज़ख्म हैं मेरे एक ज़ख्म में छिपे
कितने ही तीर आन लगे एक निशान पर

जल-थल हुईं तमाम ज़मीं आसपास की
पानी की बूँद भी न गिरी सायबान पर

मलबूस ख़ुशनुमा है मगर खोखले हैं जिस्म
छिलके सजे हों जैसे फलों की दुकान पर

साया नहीं था नींद का आँखों में दूर तक
बिखरे थे रोशनी के नगीं आसमान पर

हक़ बात आके रुक-सी गयी थी कभी शकेब
छाले पड़े हुए हैं अभी तक ज़बान पर

(बादबान = जहाज पर बाँधा जाने वाला कपडा, पाल। मलबूस = वस्त्र।)

सोमवार, जुलाई 26, 2010

शायरी मैंने ईजाद की (पाकिस्तानी कवि अफजाल अहमद सैय्यद की कविता)


अफजाल अहमद सैय्यद का जन्म गाजीपुर (उ.प्र.) में सन् 1946 में हुआ। उनके तीन कविता-संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं - ‘छीनी हुई तारीख’ (1984), ‘दो जुबानों में सजा-ए-मौज’ (1990) तथा ‘रोकोको और दूसरी दुनियाएँ’ (2000) कविताओं के अलावा उनका एक ‘ग़ज़ल-संग्रह’ ‘खेमा-ए-सियाह’ नाम से प्रकाशित है।

शायरी मैंने ईजाद की
कागज मिराकिश शहर के निवासियों ने ईजाद किया
हुरूफ फोनिश के निवासियों ने
शायरी मैंने ईजाद की

कब्र खोदने वालों ने तंदूर ईजाद किया
तंदूर पर कब्जा करने वालों ने रोटी की पर्ची बनाई
रोटी लेने वालों ने कतार ईजाद की
और मिलकर गाना सीखा

रोटी की कतार में जब चींटियाँ भी आ खड़ी हो गयीं
तो फ़ाका ईजाद हुआ

शहतूत बेचने वालों ने रेशम का कीड़ा ईजाद किया
शायरी ने रेशम से लड़कियों के लिबास बनाये
रेशम में मलबूस लड़कियों के लिए कुटनियों ने अन्तःपुर ईजाद किया
जहाँ जाकर उन्होंने रेशम के कीड़े का पता बता दिया

फासले ने घोड़े के चार पाँव ईजाद किये
तेज़ रफ्तारी ने रथ बनाया
और जब शिकस्त ईजाद हुई
तो मुझे तेज रफ्तार के आगे लिटा दिया गया

मगर उस वक्त तक शायरी ईजाद हो चुकी थी
मुहब्बत ने दिल ईजाद किया
दिल ने खेमा और कश्तियाँ बनायीं
और दूर-दराज मकामात तय किये

ख्वाजासरा ने मछली पकड़ने का काँटा ईजाद किया
और सोये हुए दिल में चुभोकर भाग गया
दिल में चुभे हुए काँटे की डोर थामने के लिए
नीलामी ईजाद की
और
जबर ने आखिरी बोली ईजाद की

मैंने सारी शायरी बेचकर आग खरीदी
और जबर का हाथ जला दिया।
(मलबूस = वस्त्र, लिबास। ख्वाजासरा = हरम का रखवाला हीजड़ा। जबर = अत्याचार)